कांग्रेस का SSP कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन निंदनीय- कुंवर जपेन्द्र सिंह
कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन राजनीतिक मुद्दा बनता जा रहा है। दरअसल, हल्द्वानी में आयोजित कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के दौरान कार्यक्रम में पहुंच रहे कार्यकर्ताओं की गाड़ियों को पुलिस द्वारा रोके जाने का मामला सामने आया। इस पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल नाराज हो गए और उन्होंने समर्थकों के साथ देहरादून स्थित SSP कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान हंगामा और तोड़फोड़ की घटनाएं भी सामने आईं, जिससे प्रदेश की सियासत गरमा गई है। इस पूरे मामले पर भाजपा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता कुंवर जपेन्द्र सिंह ने कहा कि इस तरह के कृत्यों में कांग्रेस हमेशा आगे रहती है। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस को कोई आपत्ति थी तो वे शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रख सकते थे, लेकिन जिस तरह से SSP कार्यालय का घेराव कर अभद्र व्यवहार किया गया, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और इससे कांग्रेस की कार्यशैली उजागर होती है।
