*पटेलनगर में पुलिस का सत्यापन अभियान, 30 भवन स्वामियों पर 3 लाख का जुर्माना*
देहरादून में अपराधों पर अंकुश लगाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए दून पुलिस का सत्यापन अभियान लगातार जारी है। एसएसपी देहरादून के निर्देशों पर पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने आजाद कॉलोनी, लोहियानगर और ब्रह्मपुरी समेत विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर सत्यापन अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने 545 किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन किया।
वहीं, पूर्व में आपराधिक घटनाओं में संलिप्त रहे और जमानत पर चल रहे सात अभियुक्तों का भी भौतिक सत्यापन किया गया। अभियान के दौरान किरायेदारों और घरेलू सहायकों का सत्यापन नहीं कराने समेत अन्य अनियमितताएं मिलने पर 30 भवन स्वामियों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए कुल 3 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
इसके अलावा, संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे सात व्यक्तियों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया है। पुलिस इनसे पूछताछ कर आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशों पर जिले में संदिग्ध व्यक्तियों और बाहरी लोगों के सत्यापन के साथ ही आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे व्यक्तियों पर भी नजर रखी जा रही है। इसी क्रम में 24 अक्टूबर 2026 को पटेलनगर कोतवाली की अलग-अलग पुलिस टीमों ने थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में अभियान चलाया। आजाद कॉलोनी, लोहियानगर और ब्रह्मपुरी में चलाए गए इस अभियान के दौरान 545 किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया गया।
साथ ही पूर्व में आपराधिक घटनाओं में संलिप्त रहे या जिनका नाम आपराधिक मामलों में सामने आया था, ऐसे सात अभियुक्तों का भी भौतिक सत्यापन किया गया। पुलिस ने इन व्यक्तियों को दोबारा किसी आपराधिक गतिविधि में शामिल पाए जाने पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी। वहीं, किरायेदारों और घरेलू सहायकों का सत्यापन नहीं कराने तथा अन्य अनियमितताएं पाए जाने पर 30 भवन स्वामियों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए 3 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
अभियान के दौरान संदिग्ध रूप से घूम रहे सात व्यक्तियों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सत्यापन अभियान आगे भी जारी रहेगा।
