*राष्ट्रीय एकता दिवस पर पुलिस लाइन में आयोजित हुई परेड, 48 पुलिसकर्मी सम्मानित*
लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर देशभर में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इसी क्रम में देहरादून पुलिस लाइन में एकता दिवस परेड का आयोजन किया गया, जिसमें उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस दौरान पुलिस महानिदेशक ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई। साथ ही, सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र की एकता के लिए दिए गए योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह के दौरान पुलिस महानिदेशक ने सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन और उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि देश की एकता और अखंडता को बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्र की सुरक्षा के साथ-साथ एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
वहीं, उत्कृष्ट सेवा के लिए स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस डिस्क और प्रशस्ति पत्र के लिए नामित 48 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था), वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून, पुलिस अधीक्षक अभिसूचना एवं सुरक्षा सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
