*स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार*
राजधानी देहरादून में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। एसएसपी दून के निर्देश पर नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नेहरू कॉलोनी पुलिस ने एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 9.38 ग्राम अवैध स्मैक, 3,110 रुपये की नकदी और एक की-पैड मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी स्मैक को स्थानीय नशे के आदी लोगों को बेचकर मुनाफा कमाने की फिराक में था।
दरअसल, 3 नवंबर को नेहरू कॉलोनी पुलिस अजबपुर कला चौक स्थित यात्री शेड के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली, तो उसके कब्जे से 9.38 ग्राम स्मैक और 3,110 रुपये नकद बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 38 वर्षीय कृष्ण गोपाल निवासी साकेत कॉलोनी, अजबपुर कला के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बरामद स्मैक को स्थानीय नशेड़ियों को बेचने की बात स्वीकार की। वहीं, पुलिस के अनुसार बरामद नकदी भी स्मैक बेचकर अर्जित की गई थी। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
