*कांग्रेस कर रही है पिता के तर्पण पर राजनीती*
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पिता के तर्पण से जुड़ी कांग्रेस की सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर तीखा पलटवार किया है। देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। इस दौरान प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार और प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान भी मौजूद रहे।
नरेश बंसल ने कहा कि कांग्रेस की कथनी और करनी में बड़ा अंतर है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अब आस्था, सनातन परंपराओं और दिवंगत आत्माओं से जुड़े संस्कारों को भी राजनीति का विषय बना रही है। मुख्यमंत्री धामी के पिता के श्राद्ध और तर्पण को लेकर की गई टिप्पणी को उन्होंने निंदनीय बताया।
बंसल ने कहा कि तर्पण जैसे धार्मिक संस्कार का राजनीतिकरण कर कांग्रेस ने देवभूमि की आस्था को ठेस पहुंचाई है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध विचारों और नीतियों पर होना चाहिए, लेकिन माता-पिता और दिवंगत परिजनों को लेकर टिप्पणी करना उचित नहीं है।
भाजपा सांसद ने कांग्रेस के ‘मोहब्बत की दुकान’ वाले बयान पर भी निशाना साधते हुए कहा कि मोहब्बत की बात करने वाले ही नफरत की राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां को लेकर कांग्रेस नेताओं की कथित टिप्पणियों का भी जिक्र किया।
नरेश बंसल ने हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए इसे ओछी राजनीति बताया। साथ ही उन्होंने 2017 में कांग्रेस की ओर से जनरल बिपिन रावत को लेकर की गई कथित टिप्पणी का भी जिक्र किया।
उन्होंने मोहम्मद दीपक मामले को लेकर भी कांग्रेस पर सवाल उठाए और राहुल गांधी की चुप्पी तथा कांग्रेस नेताओं के कोटद्वार जाने को तुष्टिकरण की राजनीति करार दिया।
