देहरादून- पुरानी पेंशन बहाली को लेकर कर्मचारियों का उपवास, 13 सितंबर रैली की तैयारी
देहरादून में पुरानी पेंशन बहाली की मांग एक बार फिर तेज होती नजर आ रही है। राष्ट्रीय मूवमेंट फॉर ओल्ड पेंशन स्कीम यानी एनएमओपीएस के बैनर तले कर्मचारियों ने शहीद स्मारक पहुंचकर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की और उसके बाद उपवास रखकर सरकार तक अपनी मांग पहुंचाने का प्रयास किया।
इस दौरान कर्मचारियों ने 13 सितंबर को प्रस्तावित विशाल रैली की रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा की। कर्मचारियों का कहना है कि जब जनप्रतिनिधियों को हर बार चुने जाने पर पेंशन मिलती है, तो कर्मचारियों की बुढ़ापे की सुरक्षा क्यों छीनी जा रही है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां पुरानी पेंशन योजना लागू की गई है और उत्तराखंड में भी इसे बहाल किया जाना चाहिए। कर्मचारियों ने साफ चेतावनी दी कि जो सरकार पुरानी पेंशन बहाल करेगी, वही 2027 के चुनाव में उनका समर्थन पाएगी। बैठक में शिक्षक, कर्मचारी, डिप्लोमा फार्मासिस्ट, डिप्लोमा इंजीनियर, जल संस्थान, पीडब्ल्यूडी, सिंचाई विभाग, आरडब्ल्यूडी और यूपीसीएल समेत विभिन्न विभागों के सैकड़ों कर्मचारी मौजूद रहे।
बैठक की अध्यक्षता जनपद अध्यक्ष संतोष बड़ोई ने की, जबकि प्रांतीय अध्यक्ष जीतमणि पैनुली, प्रांतीय महासचिव मुकेश रतूड़ी, कोषाध्यक्ष शांतनु शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष जगमोहन रावत और यशवंत सिंह रावत समेत कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
