*तीन तलाक पीड़िताओं को वक्फ देगा घर*
उत्तराखंड वक्फ बोर्ड हलाला व तीन तलाक की शिकार हुई मुस्लिम महिलाओं के लिए नई योजना बना कार्य करने जा रहा है। पूरी जानकारी देते हुए वक़्फ़ बोर्ड उत्तराखंड के अध्यक्ष शादाब शम्स ने बताया कि तीन तलाक, हलाला की शिकार होकर बेघर हुई मुस्लिम बेवा महिलाओं और यतीम बच्चों को अब वक्फ बोर्ड की जमीन पर मुफ्त घर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि लगातार ऐसे मामले सामने आ रहे हैं जहां महिलाओं को घर से निकाल दिया जाता है और वो बच्चों के साथ दर दर भटकती हैं। उन्होने बताया कि इस मुद्दे पर उनकी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से चर्चा हुई है। शम्स ने कहा कि केंद्र के वक्फ अमेंडमेंट एक्ट उम्मीद के तहत प्रधानमंत्री मोदी ने गरीब मुसलमानों को उनका हक देने की उम्मीद जगाई है जिसके चलते वक्फ की संपत्ति गरीबों की है और गरीबों को ही मिलेगी। शादाब शम्स ने बताया कि अगली बोर्ड बैठक में इस प्रस्ताव को पास किया जाएगा और उसके बाद फॉर्म वितरण और आवास की प्रक्रिया शुरू होगी।
