पौड़ी- बारिश के बीच प्रशासन अलर्ट, भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में राहत-बचाव कार्य जारी
पौड़ी जनपद में लगातार हो रही बारिश के बीच जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। जिलाधिकारी ने मंगलवार को तत्काल आपदा कंट्रोल रूम पहुंचकर जिलेभर में बारिश और भूस्खलन की स्थिति के साथ राहत-बचाव कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से क्षेत्रवार जानकारी लेते हुए प्रभावित इलाकों में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। महरगांव में भूस्खलन की सूचना मिलते ही प्रशासन, एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें मौके के लिए रवाना हुईं। प्रारंभिक सूचना के मुताबिक चार लोग मलबे में दबे थे, जिनमें से एक महिला को ग्रामीणों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। मौके पर एंबुलेंस और मेडिकल टीम भी भेजी गई है। वहीं बैरगांव में भूस्खलन से घायल महिला को प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सतपुली हंस चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। जिलाधिकारी ने भूस्खलन के कारण बाधित सड़कों को तत्काल खोलने के निर्देश दिए हैं। सतपुली-गुमखाल मार्ग को जेसीबी की मदद से सुचारू कराया गया, जबकि गुमखाल-द्वारीखाल-महरगांव मार्ग को खोलने के लिए भी जेसीबी भेजी गई है। आपदा कंट्रोल रूम में जिलाधिकारी ने सड़क, पेयजल, बिजली समेत आवश्यक सेवाओं की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने विद्युत विभाग को फीडर ब्रेकडाउन की स्थिति में तत्काल मौके पर पहुंचकर आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों को लगातार क्षेत्र में निगरानी रखने और किसी भी सूचना पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है। नदी-नालों और गदेरों का जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए जिलाधिकारी ने लोगों से नदी-नालों के किनारे जाने से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। प्रशासन की राहत और बचाव टीमें पूरी तरह सक्रिय हैं।
