*मसूरी गोलीकांड के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि- खजान दास कैबिनेट मंत्री*

0
img_1788364800162


मसूरी गोलीकांड की बरसी पर देहरादून स्थित शहीद स्थल पर कैबिनेट मंत्री खजान दास ने राज्य आंदोलन के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शहीदों को नमन करते हुए कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
कैबिनेट मंत्री खजान दास ने कहा कि 2 सितंबर 1994 का दिन उत्तराखंड के इतिहास में बेहद भावुक और गौरवशाली दिन के रूप में दर्ज है। खटीमा गोलीकांड के विरोध में मसूरी में राज्य आंदोलनकारी शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे, इसी दौरान पुलिस फायरिंग में कई आंदोलनकारी शहीद हुए।

मसूरी गोलीकांड में बेलमती चौहान, हंसा धनाई, बलबीर सिंह नेगी, धनपत सिंह, मदन मोहन ममगाईं और राय सिंह बंगारी ने अपने प्राणों का बलिदान दिया। आंदोलनकारियों को बचाने के प्रयास में तत्कालीन पुलिस उपाधीक्षक उमाकांत त्रिपाठी भी शहीद हुए थे।

मंत्री खजान दास ने कहा कि आज का उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों और शहीदों के बलिदान का परिणाम है। उन्होंने कहा कि शहीदों की स्मृति को केवल श्रद्धांजलि तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि उनके सपनों के अनुरूप उत्तराखंड को सशक्त और समृद्ध बनाने के लिए सभी को एकजुट होकर काम करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि राज्य की संस्कृति, जल, जंगल और जमीन की रक्षा करना ही आंदोलन के अमर शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

इस दौरान कैबिनेट मंत्री ने उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलन में अहम भूमिका निभाने वाले राज्य आंदोलनकारी और पूर्व विधायक स्वर्गीय रणजीत सिंह वर्मा को भी याद करते हुए उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में राज्य आंदोलनकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इस दौरान जीएमवीएन के निदेशक विशाल गुप्ता, पार्षद रोहन चंदेल, मंडल महामंत्री राहुल पंवार, बार एसोसिएशन अध्यक्ष अनिल शर्मा समेत सोनी रावत, सुखबीर सिंह, अशोक राठौर और सत्यम शर्मा सहित कई लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *