*अवैध मदरसों पर कार्रवाई जारी- सीएम धामी*
उत्तराखंड में अवैध रूप से संचालित मदरसों के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में आज ऊधम सिंह नगर के बाजपुर में चार मदरसों को सील किया गया। जांच के दौरान इन मदरसों के पास वैध दस्तावेज नहीं पाए गए। साथ ही, मदरसा बोर्ड भंग होने के बाद इन संस्थानों ने अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण से भी आवश्यक अनुमति नहीं ली थी।
वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने साफ कर दिया है कि नियमों का उल्लंघन कर संचालित होने वाले मदरसों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण के तहत पंजीकरण और आवश्यक अनुमति के बिना संचालित होने वाले मदरसों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। सीएम धामी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि प्रदेश में कोई भी मदरसा अगर मानकों और नियमों के विपरीत संचालित होता पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
