*2017 आंगनबाड़ी केंद्रों में होगा ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम*

0
img_1790062923315

टिहरी गढ़वाल

टिहरी गढ़वाल जिले के 2017 आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। सेवा सप्ताह के तहत 25 सितंबर से 7 अक्टूबर 2026 तक होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में मंत्री ने अधिकारियों को कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएं समय से पहले पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि आयोजन में किसी तरह का व्यवधान न हो।

जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय गौरव ने बताया कि जिले में कुल 2017 आंगनबाड़ी केंद्र हैं, जिनमें से 2012 केंद्र सक्रिय हैं। कार्यक्रम सभी ब्लॉक स्तर पर आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान महिलाओं, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ भी दिलाया जाएगा।

मंत्री रेखा आर्या ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए रचनात्मक गतिविधियां भी आयोजित की जाएं। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, नंदा गौरा योजना, मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना, मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना, पोषण माह और टेक होम राशन समेत विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

मंत्री ने कहा कि सभी कार्यक्रम निर्धारित समयावधि में पूरे किए जाएं, ताकि बच्चों, माताओं और अभिभावकों को किसी तरह की परेशानी न हो। साथ ही कार्यक्रमों की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराने के निर्देश दिए गए हैं। उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं को सम्मानित भी किया जाएगा।

बैठक के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने मंत्री के सामने मानदेय बढ़ाने का मुद्दा भी रखा। इस पर मंत्री रेखा आर्या ने जल्द मानदेय बढ़ोतरी की मांग को कैबिनेट में लाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां विभाग की मजबूत कड़ी हैं और विषम भौगोलिक परिस्थितियों में भी पूरी जिम्मेदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन कर रही हैं।

बैठक में जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, चंबा ब्लॉक प्रमुख सुमन सजवाण समेत जिला स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *