*300 के चक्कर में घर के तीन लोगों को उतारा मौत की घाट*
पेचकस से किया वार तीन लोगों की मौत……
राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र की विष्णु लोक कॉलोनी में दिनदहाड़े ट्रिपल मर्डर की वारदात से सनसनी फैल गई। एक घर में घुसे युवक ने बुजुर्ग दंपति और उनकी घरेलू सहायिका पर कथित तौर पर पेचकस से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल तीनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है।
मृतकों की पहचान रमेश कपूर, उनकी पत्नी रजनी कपूर और घरेलू सहायिका शीला के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया है कि हिरासत में लिया गया युवक प्लंबर का काम करता है और कपूर दंपति से परिचित था। बताया जा रहा है कि प्लंबिंग के काम के सिलसिले में दंपति ने उसे घर बुलाया था। काम पूरा होने के बाद किसी बात को लेकर आरोपी और कपूर दंपति के बीच विवाद हो गया।
इसके बाद युवक ने कथित तौर पर पेचकस से हमला कर दिया। पड़ोसियों ने बताया कि दोपहर करीब तीन बजे उन्हें कपूर दंपति के घर से शोर-शराबे की आवाज सुनाई दी। बाहर आने पर उन्होंने एक युवक को घर में काम करने वाली महिला पर पेचकस से हमला करते हुए देखा। लोगों को अपनी ओर आता देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन घर के बाहर मौजूद एक व्यक्ति और अन्य लोगों ने उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं और आरोपी से पूछताछ की जा रही है।एससपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि विष्णु लोक कॉलोनी में बुजुर्ग दंपति की हत्या की सूचना मिली थी। घर में काम करने वाली महिला पर भी पेचकस से हमला किया गया था। तीनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि मृतक रमेश कपूर BHEL से सेवानिवृत्त थे। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
