*हुड़दंगियों पर पुलिस की कार्रवाई*

0
IMG_20261006_140134

देहरादून में सार्वजनिक स्थान पर मारपीट और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र में हरिद्वार बायपास रोड स्थित नेक्सा शोरूम के पास कुछ युवकों के बीच मारपीट की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के मुताबिक, कंटेंट क्रिएटर और यू-ट्यूबर अनुराग डोभाल अपने साथियों के साथ एक व्यक्ति से मारपीट कर रहा था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन मामला शांत नहीं हुआ। इसके बाद पुलिस ने अनुराग डोभाल समेत चार लोगों को धारा 170 BNSS के तहत हिरासत में लिया। वहीं, मारपीट में घायल व्यक्ति को मेडिकल परीक्षण के लिए दून अस्पताल भेजा गया।

घटना 5 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे की है। पुलिस को कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली थी कि हरिद्वार बायपास रोड स्थित नेक्सा शोरूम के पास कुछ युवक आपस में झगड़ा कर रहे हैं। सूचना मिलते ही नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार, मौके पर कंटेंट क्रिएटर/यू-ट्यूबर अनुराग डोभाल और उसके साथी राज सिंह चौहान नाम के व्यक्ति के साथ मारपीट कर रहे थे।

शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस दोनों पक्षों को बायपास चौकी लेकर पहुंची। पुलिस के मुताबिक, चौकी पर भी अनुराग डोभाल, अभिषेक, अभय चौधरी और कुर्बान दोबारा राज सिंह चौहान से झगड़ने पर उतारू हो गए। पुलिस द्वारा समझाने के बावजूद जब स्थिति नहीं संभली और मौके पर भीड़ जुटने लगी, तो अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया।

इसके बाद शांति व्यवस्था बनाए रखने के दृष्टिगत पुलिस ने चारों व्यक्तियों को धारा 170 BNSS के तहत नियमानुसार हिरासत में ले लिया। मारपीट में घायल राज सिंह चौहान को मेडिकल परीक्षण के लिए दून अस्पताल भेजा गया।

राज सिंह चौहान की तहरीर के आधार पर अनुराग डोभाल समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ थाना नेहरू कॉलोनी में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में आगे की विवेचनात्मक कार्रवाई कर रही है।

हिरासत में लिए गए आरोपी:

1. अनुराग डोभाल

2. अभिषेक

3. अभय चौधरी

4. कुर्बान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *