*विभागीय सम्मेलन की तैयारियों को लेकर बैठक*
महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने आगामी 8 और 9 अक्टूबर को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले दो दिवसीय विभागीय सम्मेलन की तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की। यमुना कॉलोनी स्थित शासकीय आवास पर हुई बैठक में सम्मेलन की तैयारियों और कार्यक्रम की रूपरेखा को लेकर बिंदुवार चर्चा की गई। मंत्री ने अधिकारियों को उत्तराखंड में महिला एवं बाल विकास के क्षेत्र में किए जा रहे महत्वपूर्ण कार्यों को सम्मेलन में प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि नई दिल्ली में आयोजित होने वाला यह राष्ट्रीय सम्मेलन महिला सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण, आंगनवाड़ी व्यवस्था, पोषण और बाल संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर केंद्रित रहेगा। सम्मेलन में अलग-अलग राज्यों की ओर से किए जा रहे बेहतर कार्यों और उनके अनुभवों को साझा किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सम्मेलन उत्तराखंड के लिए भी एक महत्वपूर्ण अवसर है। इसके माध्यम से राज्य में महिला एवं बाल विकास के क्षेत्र में किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने का मौका मिलेगा। साथ ही, दूसरे राज्यों में किए जा रहे बेहतर कार्यों और नवाचारों को जानने-समझने का अवसर भी मिलेगा, जिससे उत्तराखंड में महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।
मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि सम्मेलन के समापन सत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मार्गदर्शन और महत्वपूर्ण सुझाव प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का मार्गदर्शन देश को नई दिशा देने के साथ ही राज्यों के लिए भी प्रेरणादायी साबित होगा।
बैठक में सचिव चंद्रेश कुमार यादव, अपर सचिव कर्मेंद्र सिंह, निदेशक बंशीलाल राणा सहित विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे।
