*आसन कंजर्वेशन रिजर्व में विदेशी परिंदों की दस्तक, 500 प्रवासी पक्षियों से गुलजार हुई झील*

0
IMG_20261021_122823

सर्दियों की आहट के साथ ही उत्तराखंड के आसमान में विदेशी परिंदों की उड़ान शुरू हो गई है।विकासनगर स्थित ऐतिहासिक आसन कंजर्वेशन रिजर्व में प्रवासी पक्षियों की आमद ने दस्तक दे दी है।

साइबेरिया, कजाकिस्तान, चीन और आयरलैंड जैसे दूरदराज के देशों से हजारों मील का सफर तय कर विदेशी मेहमान यहां पहुंचने लगे हैं। शुरुआती दौर में ही रिजर्व में करीब 500 प्रवासी पक्षियों की मौजूदगी दर्ज की गई है। इनमें सुर्खाब, कूट, गैडवाल, नॉर्दर्न पिंटेल और यूरेशियन शावलर जैसी प्रजातियां शामिल हैं। सर्दी बढ़ने के साथ ही इनकी संख्या में भी इजाफा होने की उम्मीद है। हर साल की तरह इस बार भी आसन की झील इन खूबसूरत परिंदों का पसंदीदा ठिकाना बनने जा रही है।

ये प्रवासी पक्षी मार्च के दूसरे सप्ताह तक यहां प्रवास करेंगे, जिससे पक्षी प्रेमियों और पर्यटकों को प्रकृति के इस खूबसूरत नजारे का दीदार करने का मौका मिलेगा। वहीं, विदेशी मेहमानों की सुरक्षा को लेकर वन विभाग भी अलर्ट मोड पर है।

रिजर्व क्षेत्र में गश्त बढ़ाने के साथ सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है, ताकि प्रवासी पक्षियों के प्रवास के दौरान किसी तरह का व्यवधान न हो। विदेशी परिंदों की चहचहाहट से गुलजार होता आसन कंजर्वेशन रिजर्व एक बार फिर प्रकृति प्रेमियों के आकर्षण का केंद्र बनने लगा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *