*अंकिता भंडारी हत्याकांड पर सीएम धामी क्या बोले*
उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड को चार साल पूरे हो चुके हैं। आज अंकिता भंडारी की पुण्यतिथि पर कांग्रेस ने मामले में न्याय की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस की मांग है कि अंकिता हत्याकांड की सीबीआई जांच कराई जाए और दोषियों को कड़ी सजा मिले। मामले को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार ने पहले दिन से ही इस मामले में कार्रवाई की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की एजेंसियों की कार्रवाई के परिणामस्वरूप तीन आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा हो चुकी है, जबकि मामला अभी न्यायालय में विचाराधीन है।
सीएम धामी ने कहा कि अंकिता भंडारी के साथ हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना से पूरा प्रदेश दुखी है। सरकार ने शुरुआत से ही मामले में कार्रवाई की और दोषियों को सजा दिलाने का काम किया। उन्होंने कहा कि अंकिता के माता-पिता की ओर से सीबीआई जांच की मांग की गई थी और राज्य सरकार भी सीबीआई जांच की सिफारिश कर चुकी है। अब इस मामले में सीबीआई की जांच चल रही है और आगे दूध का दूध, पानी का पानी हो जाएगा।
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जब उनके पास मुद्दे नहीं होते हैं तो इस तरह के मुद्दों को उठाकर विवाद खड़ा करने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता समझती है कि सरकार ईमानदारी से काम कर रही है और राज्य को आगे ले जाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही है। सीएम धामी ने कहा कि अंकिता को न्याय दिलाने में किसी तरह की देरी नहीं होगी।
