झारखंड में छात्रों पर लाठीचार्ज, BJP का कांग्रेस पर हमला
झारखंड में परीक्षाओं में कथित धांधली, पेपर लीक और अनियमितताओं के विरोध में छात्रों का आंदोलन अब सियासी मुद्दा बन गया है। सोमवार को छात्रों ने अपनी मांगों को लेकर विधानसभा मार्च किया, लेकिन पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए लाठीचार्ज, वाटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल किया। इस कार्रवाई के बाद बीजेपी ने झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर हमला तेज कर दिया है। इसी मुद्दे को लेकर देहरादून स्थित बीजेपी मुख्यालय में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने प्रेस वार्ता कर कांग्रेस पर निशाना साधा। सुबोध उनियाल ने कहा कि छात्रों के हित और लोकतांत्रिक अधिकारों की बात करने वाली कांग्रेस आज झारखंड में सत्ता में रहते हुए छात्रों पर पुलिस कार्रवाई करवा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब छात्रों पर लाठीचार्ज हो रहा था, तब कांग्रेस नेताओं ने इसका विरोध क्यों नहीं किया। खासकर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पेपर लीक और छात्र आंदोलन को लेकर पूरे देश में घूम रहे हैं लेकिन झारखंड में अपनी सहयोगी सरकार के खिलाफ एक शब्द भी उनके मुंह से नहीं निकला बीजेपी का आरोप है कि झारखंड में परीक्षा व्यवस्था को लेकर छात्र लंबे समय से सवाल उठा रहे हैं और उनकी मांगों को गंभीरता से सुना जाना चाहिए। वहीं, इस पूरे मामले को लेकर बीजेपी ने कांग्रेस और झारखंड सरकार को घेरने की रणनीति तेज कर दी है। बीजेपी ने पुलिस कार्रवाई के विरोध में झारखंड बंद का भी आह्वान किया है।
