*राज्य स्थापना दिवस पर शहीदों को नमन, सीएम धामी ने शहीद स्मारक पर अर्पित की पुष्पांजलि*
उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के कचहरी परिसर स्थित शहीद स्मारक पहुंचकर राज्य आंदोलन के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने शहीदों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर पृथक उत्तराखण्ड राज्य के निर्माण के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को नमन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य का निर्माण वर्षों के लंबे संघर्ष और आंदोलनकारियों के बलिदान का परिणाम है।
राज्य आंदोलन में मातृशक्ति, युवाओं, छात्रों, पूर्व सैनिकों समेत समाज के हर वर्ग ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसके चलते अलग राज्य का सपना साकार हो सका। उन्होंने कहा कि राज्य निर्माण के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीदों का योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड अपनी स्थापना के 26 वर्ष पूरे कर विकास की नई ऊंचाइयों की ओर आगे बढ़ रहा है। इन वर्षों में प्रदेश ने कई चुनौतियों का सामना करते हुए सड़क, रेल, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश में विकास कार्यों को नई गति मिली है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आंदोलनकारियों की भावनाओं और उनके सपनों के अनुरूप उत्तराखण्ड को समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार की प्राथमिकता है कि प्रदेश के दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों तक विकास की योजनाओं का लाभ पहुंचे, युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिलें और पलायन पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि उन महान आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान को याद करने का दिन भी है, जिनकी बदौलत उत्तराखण्ड को अलग राज्य का दर्जा मिला। उन्होंने कहा कि प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और मूल पहचान को सुरक्षित रखते हुए उत्तराखण्ड को देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में स्थापित करना सरकार का लक्ष्य है। शहीद आंदोलनकारियों ने जिस विकसित और खुशहाल उत्तराखण्ड का सपना देखा था, उसे साकार करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, सचिव युगल किशोर पंत, जिलाधिकारी देहरादून डॉ. आशीष चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
