उत्तराखंड में मौसम का हाल: 14 अगस्त से बढ़ सकती हैं मुश्किलें
उत्तराखंड में बीते दो दिनों से बारिश की गतिविधियों में कमी देखने को मिली है। मौसम विभाग के निदेशक डॉ. सी.एस. तोमर के मुताबिक, इस दौरान अधिकतम बारिश मध्यम दर्जे की रही और वह भी सीमित स्थानों पर हुई। प्रदेश में अब तक करीब 736 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जबकि सामान्य तौर पर इस समय तक 772 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए थी। यानी प्रदेश में बारिश सामान्य से करीब 5 प्रतिशत कम है। वहीं, 13 अगस्त को मौसम अपेक्षाकृत शांत रहने की संभावना है। हालांकि कुमाऊं और गढ़वाल के उत्तरी जिलों—चमोली, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी—में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। लेकिन 14 से 19 अगस्त के बीच मौसम का मिजाज फिर बदलने की संभावना है। इस दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। खासतौर पर 14 और 16 अगस्त को कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने इसे देखते हुए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।
