बीजेपी की नई राष्ट्रीय टीम में उत्तराखंड के चार नेताओं को जगह
बीजेपी की नई राष्ट्रीय टीम में उत्तराखंड के चार नेताओं को जगह मिलने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रीय नेतृत्व का आभार जताया है। सीएम धामी ने कहा कि राष्ट्रीय टीम में उत्तराखंड के अनुभवी नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है और पार्टी ने एक संतुलित एवं मजबूत टीम तैयार की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नई टीम के जरिए संगठन को और मजबूत करने के साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों एवं योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि बीजेपी का राष्ट्रीय नेतृत्व हमेशा उत्तराखंड को प्राथमिकता देता रहा है। इस बार भी प्रदेश के चार अनुभवी नेताओं को राष्ट्रीय टीम में शामिल कर कार्यकर्ताओं का सम्मान बढ़ाया गया है। सीएम धामी ने नई जिम्मेदारी पाने वाले सभी नेताओं को शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। वहीं, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि राष्ट्रीय टीम में उत्तराखंड से जिन चार नेताओं को जिम्मेदारी मिली है, वे जमीनी स्तर पर काम करने वाले अनुभवी कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि यह उत्तराखंड के कार्यकर्ताओं के प्रति केंद्रीय नेतृत्व के विश्वास को दर्शाता है। महेंद्र भट्ट ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलना पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने सभी नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।
