सशक्त बहिना योजना: सीएम धामी ने की महिला उत्पादों की सराहना
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना’ के तहत उत्तराखंड राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का शुभारंभ व अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने महिला उद्यमियों से सीधा संवाद कर उनके उत्पादों की सराहना की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि रक्षाबंधन पर्व के उपलक्ष्य में शुरू की गई यह योजना हमारी मातृशक्ति को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने में बेहद कारगर साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों की बहनें मिलेट्स (मोटे अनाज), सिलाई-बुनाई, ऊनी वस्त्र, प्रसाद, लड्डू, अचार, जैम और हस्तनिर्मित रक्षासूत्र (राखियां) जैसे कई बेहतरीन उत्पाद तैयार कर रही हैं।
मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि बहनों द्वारा बनाए गए उत्पादों की गुणवत्ता इतनी शानदार है कि वे बहुराष्ट्रीय कंपनियों के उत्पादों को भी पीछे छोड़ते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का निरंतर प्रयास है कि इन स्थानीय उत्पादों को ब्लॉक स्तर से लेकर हर प्रमुख स्थान पर उचित विपणन (मार्केटिंग) और बड़ा बाजार मिले, ताकि महिलाओं को स्वरोजगार के साथ आजीविका के नए अवसर प्राप्त हों।
