शुद्धिकरण विवाद पर मंत्री का पलटवार

0
img_1787991505935

देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में अल्पसंख्यक समाज कल्याण मंत्री खजान दास की अध्यक्षता में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में अनुसूचित जाति मोर्चे के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। इस दौरान खजान दास ने हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद हुए शुद्धिकरण को लेकर कांग्रेस के आरोपों को सिरे से खारिज किया।

खजान दास ने कहा कि खड़गे की जनसभा के दौरान कुछ गलत नारों का इस्तेमाल किया गया था, जिसका भाजपा ने उसी समय विरोध करते हुए उससे किनारा कर लिया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि शुद्धिकरण की घटना को भाजपा से जोड़ना गलत है। उनके मुताबिक यह कार्य भाजपा से अलग एक संगठन द्वारा किया गया था और इसमें भाजपा का कोई सदस्य शामिल नहीं था।

मंत्री खजान दास ने कांग्रेस पर दलितों को वोट बैंक के तौर पर इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा जाति और धर्म के आधार पर राजनीति नहीं करती। खजान दास ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी ने बाबू जगजीवन राम को प्रधानमंत्री बनने से रोका और डॉ. भीमराव अंबेडकर को भारत रत्न देने में भी अन्याय किया।

उन्होंने कहा कि शुद्धिकरण का कार्य श्री राम सेना धर्मार्थ सेवा न्यास की ओर से किया गया था। साथ ही उन्होंने पूरे मामले के पीछे विपक्ष की साजिश होने की आशंका भी जताई।

खजान दास ने कहा कि आगामी चुनावों को देखते हुए कांग्रेस दलित मुद्दों को राजनीतिक हथियार बनाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति समाज को इस तरह राजनीति में इस्तेमाल करना उचित नहीं है और भाजपा ऐसी राजनीति की निंदा करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *