*देहरादून- वृद्धा हत्याकांड का 12 घंटे में खुलासा*
देहरादून के रायपुर छेत्र की घटना
देहरादून के रायपुर क्षेत्र में 72 वर्षीय वृद्धा की हत्या के मामले का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। सनसनीखेज वारदात को किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि मृतका की दुकान पर काम करने वाले युवक ने ही अंजाम दिया था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी का मृतका से बकाया मजदूरी के पैसों को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पहले महिला के चेहरे पर कड़े से वार किया और बाद में पकड़े जाने के डर से उनका मुंह दबाकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी सोने का कड़ा लेकर मौके से फरार हो गया और पुलिस को गुमराह करने के लिए कपड़े भी बदल लिए।
दरअसल, 3 सितंबर को रायपुर क्षेत्र में 72 वर्षीय रेखा बंसल अपने घर में अचेत अवस्था में मिली थीं। परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां 108 की टीम ने महिला को मृत घोषित कर दिया। मामला संदिग्ध होने पर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून खुद मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। वहीं एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया और जरूरी साक्ष्य जुटाए गए।
पुलिस ने मामले में हत्या की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर वारदात के खुलासे के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया। पुलिस टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, सर्विलांस की मदद ली और मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया। जांच के दौरान पुलिस का शक मृतका की दुकान पर काम करने वाले विनीत कुमार पर गया।
पुलिस के मुताबिक, विनीत कुमार का मृतका से बकाया मजदूरी के पैसों को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान विवाद बढ़ने पर आरोपी ने महिला के चेहरे पर कड़े से वार किया। इसके बाद पकड़े जाने के डर से आरोपी ने महिला का मुंह दबा दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी महिला का सोने का कड़ा लेकर मौके से फरार हो गया।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने पुलिस से बचने के लिए अपने कपड़े भी बदल लिए थे। हालांकि, पुलिस की जांच और सीसीटीवी व सर्विलांस से मिले सुरागों के आधार पर आरोपी तक पहुंच गई। पुलिस ने आरोपी विनीत कुमार को रिंग रोड स्थित त्रिलोक गेस्ट हाउस के पास से गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
