*गजराज का गुस्सा, बाइक-स्कूटी को रौंदा*
कोटद्वार में एक बार फिर हाथियों के झुंड का आतंक देखने को मिला है। रविवार शाम रामड़ी-पुलिंडा मार्ग पर अचानक हाथियों का झुंड सड़क पर आ गया। इसके बाद हाथियों ने सड़क किनारे खड़ी बाइक और स्कूटी को अपना निशाना बना लिया। हाथियों ने दोनों वाहनों को बुरी तरह रौंदकर क्षतिग्रस्त कर दिया। इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि रविवार शाम हाथियों का झुंड रामड़ी-पुलिंडा मार्ग पर पहुंचा। सड़क किनारे खड़े दोपहिया वाहनों को देखकर हाथी उनके पास पहुंच गए और देखते ही देखते बाइक और स्कूटी को रौंदना शुरू कर दिया। हाथियों के अचानक सड़क पर पहुंचने से राहगीरों में भी दहशत फैल गई।
हालांकि गनीमत रही कि जिस वक्त हाथियों ने वाहनों को निशाना बनाया, उस समय उनके आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। ऐसे में बड़ा हादसा होने से टल गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में हाथियों का झुंड सड़क किनारे खड़े वाहनों को नुकसान पहुंचाता दिखाई दे रहा है।
घटना के बाद आसपास के लोगों में डर का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार हाथियों की आवाजाही बनी रहती है, जिससे जान-माल के नुकसान का खतरा बना हुआ है। लोगों ने वन विभाग से हाथियों की आवाजाही वाले इलाकों में निगरानी बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
