*बारात तो सज गई लेकिन दूल्हा गायब है*

0
img_1788861960031

*बारात तो सज गई लेकिन दूल्हा गायब है*

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे को लेकर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। नितिन नवीन 9 सितंबर से उत्तराखंड दौरे पर पहुंच रहे हैं, जहां वे पार्टी की कोर कमेटी और कार्यसमिति की बैठकों में शामिल होंगे।

वहीं, उनके दौरे से पहले कांग्रेस ने भाजपा संगठन पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने भाजपा की मौजूदा स्थिति पर तंज कसते हुए कहा कि “बारात तो सज गई है, लेकिन दूल्हा गायब है।”

गरिमा मेहरा दसौनी का कहना है कि उत्तराखंड भाजपा में लंबे समय से प्रदेश प्रभारी का पद खाली है और संगठनात्मक स्तर पर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में राष्ट्रीय अध्यक्ष का उत्तराखंड आकर लगातार बैठकें करना इस बात का संकेत है कि भाजपा के भीतर सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है।

उन्होंने पूर्व प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम और संगठन महामंत्री अजय कुमार को लेकर भी सवाल खड़े किए। गरिमा ने भाजपा नेतृत्व से पूछा कि अगर दुष्यंत गौतम की उत्तराखंड प्रभारी पद से विदाई हो चुकी है, तो पार्टी नया प्रदेश प्रभारी घोषित क्यों नहीं कर रही है।

कांग्रेस प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि भाजपा संगठन कांग्रेस के लगातार आक्रामक कार्यक्रमों से दबाव में है। उन्होंने देहरादून में कांग्रेस के मुख्यमंत्री आवास घेराव का जिक्र करते हुए कहा कि बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने सरकार के खिलाफ जनता के आक्रोश को सामने ला दिया है।

गरिमा ने बेरोजगारी, महिला सुरक्षा, कानून व्यवस्था, भर्ती घोटाले, पलायन और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर भी भाजपा सरकार को घेरा। उनका आरोप है कि कांग्रेस के कार्यक्रमों के मुकाबले भाजपा के प्रदेशव्यापी प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं की संख्या काफी कम रही।
हल्द्वानी के शुद्धिकरण प्रकरण को लेकर भी कांग्रेस ने भाजपा पर हमला बोला। गरिमा मेहरा दसौनी ने कहा कि हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ हुए घटनाक्रम के बाद भाजपा नेतृत्व ने स्थिति को संभालने के बजाय राजनीतिक विवाद को और बढ़ाया।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि नितिन नवीन शायद उसी राजनीतिक “रायते” को समेटने उत्तराखंड आ रहे हैं, जिसे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने मिलकर फैलाया है।

कांग्रेस ने स्मार्ट सिटी, महिला अपराध, जंगली जानवरों के आतंक, भू-माफिया, अवैध खनन और अन्य मुद्दों को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। गरिमा का कहना है कि उत्तराखंड की जनता रोजगार, सुरक्षा, बेहतर सड़क और स्वास्थ्य सुविधाएं चाहती है, लेकिन भाजपा संगठन बैठकों और राजनीतिक प्रबंधन में व्यस्त है।

कांग्रेस ने साफ कहा है कि नितिन नवीन का उत्तराखंड दौरा सिर्फ संगठनात्मक बैठक तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उन्हें प्रदेश में भाजपा संगठन की जमीनी स्थिति और जनता के बीच सरकार की स्वीकार्यता का भी जायजा लेना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *