*पेड़ लगाओ हरयाली बचाओ हर खुशी के साथ हरियाली*

0
img_1788966380223

उत्तराखंड में पर्यावरण संरक्षण को लेकर हरेला की अनूठी पहल लोगों के लिए प्रेरणा बन रही है। देहरादून में रहने वाले मनमोहन भटकोरा ने जन्मदिन, शादी और अन्य विशेष अवसरों पर हरेला अभियान के जरिये पौधरोपण को अपनी मुहिम बना लिया है। अब तक वे एक हजार से अधिक पौधे लगा चुके हैं। खास बात यह है कि वे केवल परिचितों के लिए ही नहीं, बल्कि सोशल मीडिया के जरिए अनजान लोगों के खास मौकों की जानकारी जुटाकर भी पौधरोपण करते हैं।

उत्तराखण्ड पुलिस विभाग में कार्यरत मनमोहन भटकोरा मूल रूप से पिथौरागढ़ के रहने वाले हैं। बचपन में माता-पिता से मिले प्रकृति प्रेम के संस्कारों को उन्होंने अपने जीवन का हिस्सा बना लिया। उनका मानना है कि जन्मदिन या किसी खुशी के मौके पर दिए जाने वाले उपहार कुछ समय बाद भुला दिए जाते हैं, लेकिन एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए जीवन और हरियाली का आधार बन सकता है। मनमोहन अपनी इस पर्यावरण मुहिम पर अपने मासिक वेतन का करीब पांच प्रतिशत हिस्सा भी खर्च करते हैं। उनकी पहल की खास बात यह है कि वे पौधा लगाने के बाद उसकी देखभाल के लिए भी लोगों को प्रेरित करते हैं। उनका संदेश है कि केवल पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसके संरक्षण और पालन-पोषण की जिम्मेदारी भी उठानी जरूरी है।मनमोहन चाहते हैं कि उनकी यह पहल केवल व्यक्तिगत प्रयास न रहकर जन- अभियान बने। उनका आह्वान है कि लोग अपने जन्मदिन, शादी या किसी भी खुशी के अवसर पर कम से कम एक पौधा जरूर लगाएं और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में ऐसे व्यक्तिगत प्रयास निश्चित तौर पर समाज के लिए प्रेरणा बन सकते हैं। जरूरत इस बात की है कि हर व्यक्ति अपने जीवन के किसी खास अवसर को प्रकृति के नाम करे और पौधरोपण के साथ उसकी जिम्मेदारी भी निभाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *