*नितिन नवीन और सीएम धामी का युवाओं संवाद*

0
img_1789029519903

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में युवाओं से सीधा संवाद किया। कार्यक्रम में करियर, रोजगार, स्वरोजगार, उद्यमिता, कौशल विकास, तकनीक, खेल और उत्तराखंड के भविष्य को लेकर युवाओं ने अपने सवाल और सुझाव रखे। नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की युवा शक्ति को नई दिशा और नए अवसर मिल रहे हैं, जबकि मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि युवा शक्ति के सामर्थ्य से ही विकसित उत्तराखंड का निर्माण होगा।
हल्द्वानी में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने युवाओं से बातचीत की। इस दौरान युवाओं ने रोजगार, स्वरोजगार और बेहतर करियर अवसरों को लेकर सवाल पूछे और प्रदेश के विकास से जुड़े अपने सुझाव भी साझा किए।

नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं की प्रतिभा और सामर्थ्य को नई दिशा देने का काम किया जा रहा है। डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया, मेक इन इंडिया और खेलो इंडिया जैसी पहलों से युवाओं के लिए नए अवसर खुले हैं। उन्होंने कहा कि आज का युवा केवल रोजगार पाने वाला नहीं, बल्कि रोजगार और नए अवसर पैदा करने वाला भी बन रहा है।

नितिन नवीन ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल तकनीक, स्टार्टअप और नवाचार जैसे क्षेत्रों में युवाओं के लिए संभावनाओं के नए द्वार खुले हैं। उत्तराखंड के युवा प्रतिभा और ऊर्जा से भरपूर हैं और उनकी क्षमता को प्रदेश के विकास से जोड़कर राज्य को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से सोशल मीडिया का सकारात्मक उपयोग करने, समय का सदुपयोग करने और राजनीति एवं सार्वजनिक जीवन में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 4 जुलाई 2021 को मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने के बाद सरकार ने इस संकल्प के साथ काम किया कि “पहाड़ की जवानी और पहाड़ का पानी, दोनों उत्तराखंड के काम आएं।”

धामी ने कहा कि सरकारी विभागों में रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया गया है और अब तक करीब 34 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में अनियमितता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है, ताकि युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ न हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं को केवल सरकारी नौकरी तक सीमित नहीं रखना चाहती, बल्कि स्वरोजगार, स्टार्टअप और उद्यमिता के क्षेत्र में भी नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, कौशल विकास, होम स्टे और मुख्यमंत्री उद्यमान खिलाड़ी योजना जैसी योजनाओं के जरिए युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने खेलों के क्षेत्र में उत्तराखंड की बढ़ती उपलब्धियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि राज्य में खेल सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। हल्द्वानी में खेल विश्वविद्यालय और लोहाघाट में महिलाओं के लिए स्पोर्ट्स कॉलेज की दिशा में काम आगे बढ़ रहा है। राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों द्वारा 100 से अधिक पदक जीतना राज्य की बढ़ती खेल प्रतिभा का प्रमाण है।

धामी ने कहा कि पर्यटन, स्थानीय उत्पाद, विज्ञान, नवाचार, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स और नई तकनीकों के क्षेत्र में भी युवाओं के लिए अवसर तैयार किए जा रहे हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए निःशुल्क कोचिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं की प्रतिभा, मेहनत और सामर्थ्य ही विकसित उत्तराखंड के निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सांसद अजय भट्ट सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और युवा मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *