*ED की कार्रवाई पर कांग्रेस के आरोपों का भाजपा ने दिया जवाब*
ED की कार्रवाई को लेकर कांग्रेस ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कांग्रेस का कहना है कि जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहे हैं, वैसे-वैसे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को निशाना बनाकर ED की कार्रवाई कराई जा रही है। कांग्रेस ने इसे भाजपा की सोची-समझी साजिश बताया है। वहीं, कांग्रेस के आरोपों पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने पलटवार करते हुए कहा कि आश्चर्य की बात है कि जब ED कांग्रेस की अपेक्षा के मुताबिक कार्रवाई करती है, तब उसे सही कार्रवाई बताया जाता है। लेकिन जब कांग्रेस के नेताओं से जुड़े घपले-घोटालों की जांच होती है, तो कांग्रेस सवाल खड़े करने लगती है।
महेंद्र भट्ट ने कहा कि किसी भी जांच एजेंसी को अपनी कार्रवाई करने की स्वतंत्रता होनी चाहिए और जांच के बाद दूध का दूध और पानी का पानी सामने आना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तराखंड में सामने आए कथित घोटालों से जुड़ी जांच पर कांग्रेस सवाल खड़े कर रही है और अपराधियों को बचाने का कुचक्र रच रही है। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियों को अपना काम करने देना चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके।
