*ऑपरेशन प्रहार के तहत सघन चेकिंग*
ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत देहरादून पुलिस ने देर रात नगर क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। एसएसपी देहरादून के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 90 से अधिक वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। वहीं, संदिग्ध अवस्था में घूम रहे 100 से अधिक लोगों से भी पुलिस ने पूछताछ की।
अभियान के दौरान रैश ड्राइविंग, ट्रिपल राइडिंग, काली फिल्म, बिना हेलमेट, मॉडिफाइड साइलेंसर और दोषपूर्ण नंबर प्लेट समेत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस दौरान 16 दोपहिया वाहनों को सीज किया गया, जिनमें मॉडिफाइड साइलेंसर लगे 9 वाहन भी शामिल हैं। पुलिस ने मौके पर मॉडिफाइड साइलेंसर उतरवाए।
इसके अलावा 57 वाहनों के चालान न्यायालय भेजे गए, जबकि 32 वाहनों के चालान कर संयोजन शुल्क वसूला गया। पुलिस के अनुसार इस कार्रवाई में कुल 23 हजार 500 रुपये का संयोजन शुल्क प्राप्त हुआ।
वहीं, अभियान के दौरान संदिग्ध अवस्था में घूम रहे 100 से अधिक लोगों से पूछताछ की गई। इनमें से 12 संदिग्धों के खिलाफ 81 पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए 3 हजार 500 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
दून पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन प्रहार के तहत धार्मिक स्थलों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और अन्य संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए लगातार चेकिंग अभियान जारी रहेगा।
