*बिना हेलमेट और ट्रिपल राइडिंग पर परिवहन विभाग की कार्रवाई*
उत्तराखंड में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ परिवहन विभाग और पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में बिना हेलमेट, ट्रिपल राइडिंग, रॉन्ग साइड ड्राइविंग और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। परिवहन विभाग की टीम ने कई वाहनों के चालान किए और नियमों का पालन करने की अपील की।
एआरटीओ प्रवर्तन अनुराधा पंथ ने बताया कि विशेष चेकिंग ड्राइव का मुख्य उद्देश्य लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और उनके व्यवहार में बदलाव लाना है। उन्होंने कहा कि हेलमेट केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी जान की सुरक्षा के लिए पहनना जरूरी है।
चेकिंग के दौरान रॉन्ग साइड ड्राइविंग करने वाले वाहन भी बड़ी संख्या में मिले। अधिकारियों के मुताबिक रॉन्ग साइड चलने से सामान्य यातायात प्रभावित होता है और सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। इसके अलावा बिना हेलमेट, बिना लाइसेंस, बिना इंश्योरेंस, मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने और रेड लाइट जंप करने वालों पर भी कार्रवाई की जा रही है।
परिवहन विभाग के मुताबिक रोजाना नियमित रूप से प्रवर्तन टीमों द्वारा अलग-अलग मार्गों पर चेकिंग की जाती है। वहीं, जिन क्षेत्रों में नियमों का उल्लंघन ज्यादा पाया जाता है, वहां विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई बढ़ाई जाती है। अभियान के दौरान करीब 15 से 17 वाहनों पर कार्रवाई की गई, जबकि एक ड्रंकन ड्राइविंग का मामला भी सामने आया।
परिवहन विभाग ने लोगों से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट जरूर पहनें और रॉन्ग साइड या नशे में वाहन चलाने से बचें। अधिकारियों का कहना है कि सड़क पर सबसे ज्यादा जरूरी आपकी जिंदगी और सुरक्षा है।
