*पर्वतारोहियों के साहस और टीम भावना को सीएम धामी ने सराहा*

0
img_1790241502278

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में नेहरू पर्वतारोहण संस्थान यानी NIM, उत्तरकाशी के चार सफल पर्वतारोहण अभियानों का फ्लैग-इन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने माउंट एकांकागुआ और नुन-कुन पर्वत श्रृंखला की तीन चोटियों पर सफल आरोहण करने वाले पर्वतारोहियों को बधाई दी। मुख्यमंत्री ने पर्वतारोहियों के साहस, अनुशासन, तकनीकी दक्षता और टीम भावना की सराहना करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां उत्तराखंड समेत देश के युवाओं के लिए प्रेरणादायी हैं।

माउंट एकांकागुआ अभियान NIM और जवाहर इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग एंड विंटर स्पोर्ट्स, पहलगाम के संयुक्त तत्वावधान में संचालित किया गया। 6,961 मीटर ऊंची माउंट एकांकागुआ पर अभियान दल ने 22 फरवरी 2026 को सफल आरोहण किया। वहीं NIM के नुन-कुन अभियान के तहत 15 अगस्त को 7,077 मीटर ऊंची माउंट कुन, 26 अगस्त को 5,908 मीटर ऊंची माउंट डेल्टा-41 और 31 अगस्त को 7,135 मीटर ऊंची माउंट नुन पर सफल आरोहण किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नेहरू पर्वतारोहण संस्थान पर्वतारोहण, साहसिक खेलों और उच्च हिमालयी प्रशिक्षण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। संस्थान युवाओं में साहस, नेतृत्व, अनुशासन और कठिन परिस्थितियों का सामना करने की क्षमता विकसित कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियां पर्वतारोहण और साहसिक पर्यटन के लिए अपार संभावनाएं रखती हैं। ऐसे सफल अभियान युवाओं को साहसिक खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित करने के साथ ही उत्तराखंड की पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *