*आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के भविष्य की बुनियाद : रेखा आर्या*

0
img_1790412333700

‘सेवा संकल्प अभियान’

हरिद्वार में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम में शिरकत की। चांदपुर आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने माताओं, बहनों, किशोरियों और नन्हे बच्चों से संवाद किया और उनकी समस्याएं एवं आवश्यकताएं जानीं। इस दौरान 202 लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट, तेजस्विनी किट, रोजगार किट और पोषण किट सहित विभिन्न लाभकारी किट वितरित की गईं। वहीं, उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और आशा बहनों को सम्मानित भी किया गया।

मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और जागरूकता के क्षेत्र में आंगनबाड़ी बहनें लगातार कार्य कर रही हैं।

कार्यक्रम के दौरान सात महिलाओं की गोद भराई की रस्म संपन्न कराई गई, जबकि नन्हे-मुन्ने बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया। इस दौरान मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य और पोषण के महत्व को लेकर भी जागरूक किया गया।

मंत्री रेखा आर्या ने चांदपुर आंगनबाड़ी केंद्र तृतीय का शुभारंभ भी किया। इस दौरान उन्होंने नन्हे-मुन्ने बच्चों के साथ बैठकर भोजन किया और उनसे बातचीत की। मंत्री ने बच्चों से आंगनबाड़ी केंद्र में होने वाली किसी भी परेशानी या असुविधा के बारे में जानकारी ली। मंत्री को अपने बीच पाकर बच्चे भी काफी उत्साहित नजर आए।

रेखा आर्या ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल सरकारी योजनाओं के संचालन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि बच्चों के भविष्य की बुनियाद रखने वाले महत्वपूर्ण केंद्र हैं। बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा को मजबूत बनाने में इन केंद्रों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की ओर से महिलाओं, किशोरियों और बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा और स्वावलंबन के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र लाभार्थी तक पहुंचाने में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और आशा बहनों की भूमिका महत्वपूर्ण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *