*अंकिता भंडारी मामले पर हरीश रावत का सरकार पर तीखा हमला: ‘यह हमारे स्वाभिमान पर चोट’*
अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे विरोध-प्रदर्शन के बीच उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने सरकार और प्रशासन पर कड़ा प्रहार किया है।
हरीश रावत रावत ने प्रेस वार्ता में कहा कि यह सिर्फ अंकिता के माता-पिता की लड़ाई नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड के स्वाभिमान और मान-सम्मान की रक्षा का सवाल है। अंकिता ने अपने आत्मसम्मान के लिए प्राणों की आहुति दी है, ऐसे में न्याय दिलाना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। हरीश रावत ने मामले में संदिग्ध भूमिका वाले व्यक्ति को राज्यपाल बनाए जाने पर तीखी नाराजगी जताई।
उन्होंने कहा कि जिस पर जनता को संदेह था और जिसके खिलाफ सीबीआई जांच की मांग की जा रही थी, उसे बड़ा पद देना उत्तराखंड की जनता के मुंह पर तमाचा मारने जैसा है। रावत ने इसे महज चुनावी या राजनीतिक मुद्दा मानने से इनकार करते हुए कहा कि यह एक बेटी की अस्मिता का सवाल है और प्रदेश की जनता इसका करारा जवाब देगी।
