*देहरादून-पटेलनगर पुलिस का बड़ा खुलासा*
देहरादून के पटेलनगर में बैंक कर्मी पर हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस हमले की सूत्रधार उसकी पूर्व प्रेमिका निकली, जिसने प्यार में धोखा मिलने पर 5 लाख में हत्या की सुपारी दी थी। 8 सितंबर को बड़ोवाला में बैंक कर्मी सत्यम कुमार पर दो बाइक सवारों ने फायरिंग की थी। जांच में पता चला कि आरोपी मालिया रहमान और सत्यम 2020 से रिलेशन में थे। मालिया की शादी के बाद भी दोनों संपर्क में रहे, जिससे उसकी शादी टूट गई। बाद में सत्यम ने किसी और युवती से सगाई कर ली और मालिया को ब्लॉक कर दिया। इसी रंजिश में मालिया ने अपने साथी मोहित के जरिए लक्सर के बदमाश अंकित चौहान को हत्या की सुपारी दी। एडवांस में 1.20 लाख रुपये भी दिए। 8 सितंबर को अंकित ने साथी अंकुर के साथ वारदात को अंजाम दिया। 11 सितंबर को पुलिस ने चेकिंग के दौरान घेराबंदी की तो बदमाशों ने फायरिंग कर दी। जवाबी फायर में अंकित घायल हो गया, जबकि अंकुर फरार हो गया। बाद में पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता मालिया रहमान और उसके साथी मोहित को ISBT के पास से गिरफ्तार कर लिया। फरार आरोपी की तलाश जारी है।
