*हनोल में जागड़ा महापर्व और राजकीय मेले का भव्य आयोजन*
जौनसार-बावर के हनोल स्थित प्रसिद्ध महासू धाम और थैना में 13 और 14 सितंबर को जागड़ा महापर्व एवं राजकीय मेले का भव्य आयोजन किया गया। पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने हनोल स्थित महासू मंदिर में पूजा-अर्चना कर राजकीय मेले का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश और देशवासियों को जागड़ा महापर्व की शुभकामनाएं दीं।
मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि महासू धाम आस्था और एकता का प्रमुख केंद्र है, जहां सभी वर्गों के लोग एक साथ पहुंचकर महासू महाराज के दर्शन करते हैं और देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं उन्नति की कामना करते हैं। उन्होंने कहा कि हनोल में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे हैं और यह स्थान सामाजिक एकता का प्रतीक है।
सतपाल महाराज ने बताया कि प्रदेश सरकार ने करीब 120 करोड़ रुपये की लागत से महासू धाम और पूरे मंदिर परिसर के विकास का संकल्प लिया है। इसके तहत मंदिर परिसर से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों का समग्र विकास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विकास कार्य पूरे होने के बाद महासू धाम प्रदेश के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों में अपनी विशेष पहचान बनाएगा। मंत्री ने जागड़ा महापर्व में शामिल सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि एवं मंगल की कामना की।
