चमोली- तमकनाला आपदा पर CM धामी की सीधी नजर

0
Screenshot-2024-11-22-121647

चमोली जिले के ज्योतिर्मठ-मलारी मोटर मार्ग पर तमकनाला में बेली ब्रिज बहने की घटना के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार पूरे घटनाक्रम की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी चमोली और गढ़वाल मंडल आयुक्त से स्थिति की जानकारी लेते हुए राहत-बचाव कार्य, आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति और कनेक्टिविटी बहाली को लेकर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में राशन, खाद्य सामग्री, दवाइयों और अन्य जरूरी सामान की आपूर्ति किसी भी स्थिति में बाधित नहीं होनी चाहिए। जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों और अन्य माध्यमों से ग्रामीणों तक आवश्यक सामग्री पहुंचाई जाए। साथ ही ज्योतिर्मठ-मलारी मोटर मार्ग पर आवाजाही जल्द बहाल करने के लिए सभी संभावित विकल्पों पर तत्काल काम करने के निर्देश दिए गए हैं।
तमकनाला में सोमवार को अचानक बढ़े अत्यधिक जलप्रवाह के कारण 123 बीआरटीएफ, सुराईथोटा द्वारा निर्मित बेली ब्रिज बह गया था। तेज बहाव की चपेट में एक व्यक्ति और एक कैंपर वाहन के बहने की सूचना भी सामने आई। घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री ने तत्काल संज्ञान लेते हुए सचिव आपदा प्रबंधन से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और राहत-बचाव कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना की गईं, जबकि स्थानीय प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभागों की टीमें भी मौके पर राहत एवं बचाव कार्यों में जुटी हैं। बदलते मौसम और बढ़ते जलप्रवाह को देखते हुए मुख्यमंत्री ने निचले इलाकों और नदी-नालों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी के साथ जरूरत पड़ने पर लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी रखने को कहा गया है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से चमोली समेत प्रदेश के सभी संवेदनशील क्षेत्रों पर 24 घंटे नजर रखी जा रही है। सरकार का फोकस राहत और बचाव के साथ-साथ आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध आपूर्ति और जल्द से जल्द कनेक्टिविटी बहाल करने पर है। मुख्यमंत्री धामी ने स्पष्ट किया है कि कठिन परिस्थितियों में प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और प्रभावित क्षेत्रों में जल्द से जल्द सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *