चमोली- टीएचडीसी टनल हादसा: 19 लोगों का रेस्क्यू, 3 की तलाश

0
img_1786683984382

चमोली के मायापुर पीपलकोटी स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में मलबा और पानी भरने की घटना के बाद रातभर राहत और बचाव अभियान जारी रहा। टनल में फंसे 22 लोगों में से अब तक 19 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि 3 लोगों की तलाश अभी भी जारी है। वहीं, राहत और बचाव के लिए टनल के अंदर गए सभी 6 बचावकर्मी भी सुरक्षित बाहर आ गए हैं। हादसे में अब तक 7 लोगों की दुखद मृत्यु की सूचना है। यह हादसा टीएचडीसी की विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की टीआरटी टनल में हुआ। करीब 3 किलोमीटर लंबी टनल के लगभग डेढ़ किलोमीटर हिस्से में भूधंसाव के चलते अचानक मलबा और पानी भर गया, जिससे टनल के भीतर काम कर रहे लोग फंस गए। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचीं। जिलाधिकारी गौरव कुमार स्वयं घटनास्थल पर मौजूद रहकर राहत और बचाव अभियान की निगरानी कर रहे हैं। रातभर चले अभियान में 19 लोगों को बाहर निकाल लिया गया, जबकि 3 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। रेस्क्यू किए गए घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय गोपेश्वर लाया गया है, जहां चिकित्सकों और स्वास्थ्य विभाग की टीमों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। मौके पर एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस के साथ ही तकनीकी और विशेषज्ञ टीमें मौजूद हैं टनल के भीतर मलबा और पानी बड़ी चुनौती बना हुआ है। इसके बावजूद बचाव दल पूरी सावधानी और आपसी समन्वय के साथ अभियान चला रहे हैं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों और रेस्क्यू टीमों से लगातार अपडेट लेते हुए शेष लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए सभी जरूरी संसाधनों और तकनीकी सहायता का प्रभावी इस्तेमाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन की ओर से पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर रखी जा रही है। फिलहाल प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता टनल में फंसे तीनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना और घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *