SIR को लेकर भाजपा का कांग्रेस पर पलटवार, तरुण बंसल बोले- किसी पात्र का नाम नहीं कटेगा
उत्तराखंड में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर सत्तारूढ़ भाजपा और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। भाजपा प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस के आरोपों को खारिज किया और इसे राजनीतिक स्टंट करार दिया। उन्होंने कहा कि SIR प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष तरीके से होगी और किसी भी पात्र नागरिक को मतदाता बनने से नहीं रोका जाएगा। तरुण बंसल ने कहा कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान राज्य की डेमोग्राफी में किसी भी तरह का अनुचित बदलाव नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे, जबकि अपात्र लोगों को सूची में जगह नहीं मिलेगी। भाजपा प्रदेश महामंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह SIR को लेकर जनता के बीच भ्रम फैलाने का काम कर रहा है। उन्होंने सभी लोगों से अपील की कि मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया में सकारात्मक सहयोग करें और अपने स्तर से भी जानकारी की जांच करें। वहीं, मतदाता सूची और SIR से जुड़ी आधिकारिक जानकारी के लिए नागरिक भारत निर्वाचन आयोग के आधिकारिक पोर्टल पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
