*एक तरफ भाजपा एक तरफ कांग्रेस*
उत्तराखंड में हल्द्वानी शुद्धिकरण मामले को लेकर सियासत लगातार गरमाती जा रही है। कांग्रेस के मुख्यमंत्री आवास घेराव के बाद अब भाजपा ने भी कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। देहरादून के परेड ग्राउंड में जहां कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया, वहीं भाजपा ने प्रदेशभर में समरसता और सौहार्द संकल्प धरना देकर कांग्रेस के प्रदर्शन पर पलटवार किया।
भाजपा नेताओं का आरोप है कि कांग्रेस राजनीतिक फायदे के लिए समाज में विभाजन पैदा करने का काम कर रही है। भाजपा का कहना है कि देवभूमि उत्तराखंड की पहचान सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे से है, लेकिन कांग्रेस अपने राजनीतिक हितों के लिए इसी भाईचारे को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रही है।
कैबिनेट मंत्री ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस का इतिहास रहा है कि जब भी चुनाव नजदीक आते हैं, पार्टी समाज के बीच छल-कपट और भ्रम पैदा करने का काम करती है। उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस जिन मुद्दों को लेकर अपमान की बात कर रही है, उसे पहले अपने इतिहास पर नजर डालनी चाहिए साथ ही उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर के अपमान का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस को सामाजिक सम्मान और समरसता की बात करने का नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने कांग्रेस के प्रदर्शन को देवभूमि के सामाजिक भाईचारे को क्षत-विक्षत करने वाला कार्यक्रम करार दिया।
