*हल्द्वानी शुद्धीकरण विवाद पर कांग्रेस का हमला*
हल्द्वानी के रामलीला मैदान में हुए शुद्धीकरण और हवन को लेकर उत्तराखंड की सियासत में घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है। मामला अब विरोध-प्रदर्शन से लेकर मुख्यमंत्री आवास के घेराव तक पहुंच गया है। कांग्रेस ने इस पूरे घटनाक्रम को सामाजिक सौहार्द और संविधान की भावना के खिलाफ बताते हुए सरकार पर सीधा हमला बोला है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने आरोप लगाया कि सरकार को संविधान की भावना के अनुरूप कार्रवाई करनी चाहिए, लेकिन इसके उलट सरकार दोषियों पर कार्रवाई करने के बजाय उनका समर्थन करती नजर आ रही है। गोदियाल ने राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर को लेकर भी सरकार पर जमकर निशाना साधा।
वहीं नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने रामलीला मैदान में हुए शुद्धीकरण और हवन को लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक मूल्यों के खिलाफ बताया। उनका आरोप है कि सरकार जनता से जुड़े असल मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए ऐसे विवादों को बढ़ावा दे रही है।
कांग्रेस नेता प्रीतम सिंह ने भी सरकार पर लोकतांत्रिक मूल्यों की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने साफ कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर पीछे हटने वाली नहीं है और विरोध का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।
यानी हल्द्वानी के रामलीला मैदान से उठा शुद्धीकरण विवाद अब सीधे देहरादून की सियासत में पहुंच चुका है और कांग्रेस बनाम भाजपा की सियासी जंग लगातार तेज होती दिखाई दे रही है।
