*इथेनॉल विवाद पर बीजेपी का कांग्रेस पर हमला*
इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल को लेकर देशभर में चल रही बहस के बीच उत्तराखंड में भी सियासत गरमा गई है। कांग्रेस जहां इथेनॉल को लेकर लगातार सवाल उठा रही है, वहीं बीजेपी ने पलटवार करते हुए कांग्रेस पर जनता के बीच भ्रम फैलाने का आरोप लगाया है। बीजेपी के सह मीडिया प्रभारी विनय गोयल ने कहा कि इथेनॉल मिश्रित ईंधन कोई नई व्यवस्था नहीं है, बल्कि पिछले कई वर्षों से इसका इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि अब तक इसके इस्तेमाल से आम जनता को किसी बड़ी समस्या का सामना नहीं करना पड़ा है।
बीजेपी सह मीडिया प्रभारी विनय गोयल का कहना है कि इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल को लेकर कांग्रेस जिस तरह से सवाल खड़े कर रही है, वह तथ्य से ज्यादा राजनीतिक बयानबाजी है। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से इथेनॉल मिश्रित ईंधन का इस्तेमाल लंबे समय से किया जा रहा है और इससे वाहनों के संचालन में किसी तरह की बड़ी परेशानी सामने नहीं आई है।
वहीं, बीजेपी ने यह भी स्पष्ट किया कि जिन उपभोक्ताओं को इथेनॉल-मुक्त पेट्रोल की जरूरत है, उनके लिए कंपनियों की ओर से अलग विकल्प भी उपलब्ध कराया गया है। विनय गोयल ने दावा किया कि देश की कई बड़ी वाहन निर्माता कंपनियां भी यह स्पष्ट कर चुकी हैं कि इथेनॉल मिश्रित ईंधन के इस्तेमाल से वाहनों की सर्विसिंग या रखरखाव में किसी विशेष तरह की खराबी सामने नहीं आई है।
बीजेपी का आरोप है कि कांग्रेस इथेनॉल के मुद्दे को राजनीतिक रंग देकर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है। पार्टी का कहना है कि कांग्रेस अपनी राजनीतिक विफलताओं से ध्यान भटकाने के लिए ऐसे मुद्दों को हवा दे रही है। ऐसे में इथेनॉल को लेकर छिड़ी सियासी बहस आने वाले दिनों में और तेज होने के आसार हैं।
