*उत्तराखंड में बॉक्सिंग चयन प्रक्रिया में पक्षपात*
उत्तराखंड में बॉक्सिंग खिलाड़ियों के चयन को लेकर विवाद सामने आया है। कोच आशीष कुमार ने चयन प्रक्रिया में पक्षपात के आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि बेहतर प्रदर्शन के बावजूद कुछ खिलाड़ियों को निर्णय के जरिए हराया गया और चयन से बाहर रखा गया। वहीं खिलाड़ी साक्षी का आरोप है कि सीबीएसई नॉर्थ जोन में गोल्ड मेडल जीतने के बावजूद उन्हें नेशनल के लिए नहीं चुना गया। मामले को लेकर कोच, खिलाड़ी और अभिभावकों ने खेल मंत्री रेखा आर्या से मुलाकात कर शिकायत दर्ज कराई है।
कोच आशीष कुमार का कहना है कि उनकी अकादमी के कई खिलाड़ियों ने प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन किया, लेकिन इसके बावजूद उन्हें चयन का मौका नहीं मिला। कोच ने कुछ मुकाबलों के वीडियो होने का दावा करते हुए चयन प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाए हैं। अभिभावकों ने भी खिलाड़ियों के भविष्य को देखते हुए निष्पक्ष चयन की मांग की है। खिलाड़ी साक्षी
के मुताबिक, उन्होंने सीबीएसई नॉर्थ जोन प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीता था, लेकिन इसके बावजूद उन्हें नेशनल प्रतियोगिता के लिए नहीं चुना गया। साक्षी का कहना है कि उन्हें बताया गया कि टीम की सीटें पहले ही भर चुकी हैं।
वहीं खेल मंत्री रेखा आर्या ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों और बॉक्सिंग एसोसिएशन के पदाधिकारियों से बात करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के हितों की अनदेखी नहीं होने दी जाएगी और चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।
