**सीएम धामी की प्रेस कॉन्फ्रेंस कांग्रेस पर किया हमला*
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सीएम आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विपक्ष और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। सीएम ने कहा कि चुनाव आयोग को लेकर विपक्ष गलत नैरेटिव बना रहा है और लोगों में भ्रम फैलाने का काम कर रहा है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि झूठ का पर्दा फाश होता है, वो हमेशा बेनकाब होता है। संवैधानिक संस्थाओं पर विपक्ष हमेशा सवाल उठाता आया है। विपक्ष को तथ्य और सत्य के आधार पर सवाल खड़े करने चाहिए। 26 सितंबर को CEC द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस की गई थी, 24 जून 2025 को जारी आदेश सर्वसहमति से हुआ था, उसके बाद ही SIR और अन्य प्रक्रिया अपनाई गई। गलत तरीके से चीजों को प्रस्तुत करना बिल्कुल उचित नहीं है।
सीएम ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय ने भी माना है कि प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष है, इसका उद्देश्य पात्र मतदाता को उसके अधिकारों से वंचित करना नहीं है। श्रमिक वर्ग, गरीब वर्ग के लिए विशेष कैंप लगाए गए हैं, साथ ही छूटे हुए और पहली बार के मतदाताओं के लिए भी विशेष कैंप लगाकर तेजी से काम किया जा रहा है। लोकतंत्र में प्रश्न जरूर पूछे जाएं, लेकिन किसी भी संवैधानिक संस्था पर सवाल खड़े करने से पहले तथ्य और प्रमाण सामने रखे जाने चाहिए।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए सीएम ने कहा कि कांग्रेस संगठन पहले ही खत्म हो चुका है, कार्यकर्ता कॉमेडी कलाकार बनकर काम कर रहे हैं। पुणे में प्रधानमंत्री की माता जी का अपमान कांग्रेस के लोगों ने किया, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार के लिए गलत शब्दावली का प्रयोग किया, जिसे उत्तराखंड के लोग कभी माफ नहीं करेंगे।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य गठन के समय भी कांग्रेस और मुलायम सरकार ने कुठाराघात करने का काम किया था। राहुल गांधी देहरादून आते हैं और कहते हैं भाजपा सरकारों ने नकल माफियाओं को जेल में नहीं डाला, जबकि 100 से ज्यादा नकल माफियाओं को जेल भेजा गया है और 34 हजार से अधिक नियुक्तियां पारदर्शी तरीके से हुई हैं। हल्द्वानी में भी जातीय मामले को लेकर झूठा नैरेटिव फैलाया गया। कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए झूठ की दुकान चला रहे हैं।
