देहरादून- अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने किया खुलासा
देहरादून में भागवत कथा के दौरान महिलाओं के गले से चेन और मंगलसूत्र चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। पटेलनगर पुलिस ने पंजाब के पटियाला के समाना गैंग के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो महिलाएं शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक गैंग सोशल मीडिया और यू-ट्यूब के जरिए भागवत कथा और धार्मिक आयोजनों की जानकारी जुटाता था। इसके बाद भजन-कीर्तन के बहाने आयोजन में शामिल होकर महिलाओं को निशाना बनाता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की तीन सोने की चेन, दस हजार रुपये की नगदी, चेन काटने वाला कटर और घटना में इस्तेमाल कार बरामद की है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और पूर्व की वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
