*ED के डर से बहू गई भाजपा में- हरक सिंह रावत*
कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत इन दिनों अपनी बहू और भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अनुकृति गुसाईं के भाजपा में शामिल होने को लेकर दिए गए बयानों के चलते चर्चा में हैं। हरक सिंह रावत ने सफाई देते हुए आरोप लगाया कि उनकी बहू को ईडी का डर दिखाकर भाजपा में शामिल कराया गया है। उन्होंने कहा कि कई बार बच्चे अपने बड़ों की बात नहीं मानते और अपनी इच्छा के अनुसार फैसले लेते हैं। वहीं, हरक सिंह रावत इस समय कांग्रेस की चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, जबकि उनकी बहू अनुकृति गुसाईं भाजपा में प्रदेश प्रवक्ता की जिम्मेदारी संभाल रही हैं और पार्टी के पक्ष में लगातार बयान दे रही हैं।
हरक सिंह रावत के बयान पर भाजपा के वरिष्ठ नेता और विधायक विनोद चमोली ने पलटवार किया है। विनोद चमोली ने कहा कि यह हरक सिंह रावत का पारिवारिक मामला है, लेकिन अनुकृति गुसाईं पहाड़ की बेटी हैं और वह डर के कारण भाजपा में शामिल नहीं हुई होंगी। उन्होंने कहा कि अनुकृति ने विचारधारा के आधार पर भाजपा का साथ चुना है और अपने राजनीतिक भविष्य को देखते हुए सोच-समझकर फैसला लिया होगा। चमोली ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी अपने फैसले खुद लेती है और भाजपा भी युवाओं की प्रतिभा को देखते हुए उन्हें आगे बढ़ाने का काम कर रही है। उन्होंने हरक सिंह रावत के ईडी के डर से भाजपा में शामिल होने वाले आरोप को खारिज करते हुए कहा कि राजनीति के लिए परिवार को निशाना बनाना उचित नहीं है।
