*मसूरी में परिवहन विभाग की सघन चेकिंग, 70 वाहनों के चालान*
मसूरी में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर परिवहन विभाग ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान रेंटल बाइक के अनधिकृत संचालन, अवैध पार्किंग, दस्तावेजों की वैधता और वाहन फिटनेस समेत कई नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की गई। करीब 70 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 11 वाहनों को निरुद्ध किया गया। चेकिंग के दौरान नाबालिगों के वाहन चलाने के दो मामले भी सामने आए, जिनमें दोनों वाहनों को सीज कर दिया गया।
जिलाधिकारी देहरादून की अध्यक्षता में हुई सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दिए गए निर्देशों के क्रम में आरटीओ प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा, देहरादून संभाग की टीम ने मसूरी में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान डॉ. अनीता चमोला के निर्देशन और इंटरसेप्टर प्रभारी प्रज्ञा पंत के नेतृत्व में संचालित किया गया।
चेकिंग के दौरान रेंटल बाइक के अनधिकृत संचालन, नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़े करने, वैध दस्तावेज नहीं होने और फिटनेस समाप्त होने समेत यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की गई। अभियान में करीब 70 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 11 वाहनों को निरुद्ध किया गया।
जांच में कुछ रेंटल बाइक लाइसेंसधारकों के दस्तावेज भी अधूरे पाए गए। इसके अलावा सफेद नंबर प्लेट वाले वाहनों को अवैध रूप से किराए पर दिए जाने के मामले भी सामने आए। ऐसे मामलों में संबंधित लाइसेंस निलंबित करने की संस्तुति की गई है।
चेकिंग के दौरान नाबालिगों के वाहन चलाने के दो मामले भी पकड़े गए। दोनों वाहनों का चालान कर उन्हें सीज कर दिया गया। परिवहन विभाग के मुताबिक, मोटर वाहन अधिनियम की धारा 199ए के तहत नाबालिग द्वारा वाहन चलाने पर वाहन स्वामी या अभिभावक की जवाबदेही का प्रावधान है।
अभियान के दौरान नगर पालिका मसूरी की टीम, नगर पालिका के टीआई और नायब तहसीलदार उपेंद्र राणा भी मौजूद रहे।
परिवहन विभाग ने साफ किया है कि मसूरी में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा। विभाग ने वाहन स्वामियों और अभिभावकों से यातायात नियमों का पालन करने और नाबालिगों को वाहन न देने की अपील की है।
