आपदा प्रभावित परिवारों को 1.20 लाख रुपये की सहायता, राज्यमंत्री ज्योति कोटिया ने बांटे चेक
देहरादून में आपदा प्रभावित परिवारों को प्रदेश सरकार की ओर से आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के निर्देश पर सरकार में दायित्वधारी राज्यमंत्री और गोरखा कल्याण परिषद की अध्यक्ष ज्योति कोटिया ने गढ़ी कैंट और बिष्ट गांव के प्रभावित परिवारों को कुल 1 लाख 20 हजार रुपये की सहायता राशि के चेक वितरित किए।
दरअसल, पिछले दिनों गढ़ी कैंट और बिष्ट गांव में आई आपदा के चलते दो मकान क्षतिग्रस्त हो गए थे। घटना की जानकारी मिलते ही कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर मौके पर स्थिति का जायजा लिया था। उन्होंने प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया था।
इसी क्रम में मंत्री गणेश जोशी के निर्देश पर गढ़ी कैंट निवासी संतोष पत्नी बृजमोहन और बिष्ट गांव निवासी चम्मो देवी पत्नी खजान सिंह को आर्थिक सहायता के चेक वितरित किए गए। सहायता राशि मिलने से प्रभावित परिवारों ने राहत की बात कही और सरकार का आभार जताया।
राज्यमंत्री ज्योति कोटिया ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार आपदा प्रभावितों के साथ पूरी संवेदनशीलता से खड़ी है। सरकार का प्रयास है कि आपदा की स्थिति में प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।
प्रभावित परिवारों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी का आभार जताते हुए कहा कि आपदा की इस कठिन घड़ी में सरकार की ओर से मिली आर्थिक सहायता उनके लिए बड़ी राहत है।इस दौरान भाजपा मंडल महामंत्री मनोज क्षेत्री, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष मेघा भट्ट, ग्राम प्रधान भारती जवाड़ी, महानगर युवा मोर्चा उपाध्यक्ष धीरज ठाकुर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
