*अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर ‘पीढ़ियों का कारवां’*
अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर देहरादून के नींबूवाला, गढ़ी कैंट स्थित हिमालयन सांस्कृतिक केंद्र में ‘पीढ़ियों का कारवां’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
समाज कल्याण विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य बुजुर्गों के सम्मान के साथ उनके अनुभवों और जीवन मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना और पीढ़ियों के बीच संवाद को मजबूत करना रहा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पौधारोपण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान समाज कल्याण मंत्री खजान दास, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी समेत विभागीय अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान समाज कल्याण विभाग में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को भी मुख्यमंत्री ने प्रोत्साहित किया।
‘पीढ़ियों का कारवां’ के माध्यम से समाज में वृद्धजनों के योगदान और उनके अनुभवों को सम्मान देने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में बुजुर्गों के जीवन संघर्ष, संस्कार और अनुभवों को नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बताते हुए उनके सम्मान पर जोर दिया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस हमारे बड़े-बुजुर्गों के प्रति सम्मान व्यक्त करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि आज देश और समाज जिस तरह आगे बढ़ रहा है, उसमें बुजुर्गों के अनुभव और योगदान महत्वपूर्ण हैं। उनके द्वारा दी गई विरासत और संस्कारों को आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
सीएम धामी ने कहा कि समाज कल्याण विभाग की विभिन्न पेंशन योजनाओं के माध्यम से बड़ी संख्या में लाभार्थियों को सीधे उनके खातों में धनराशि हस्तांतरित की जा रही है। उन्होंने बुजुर्गों के आशीर्वाद को समाज और देश की प्रगति के लिए महत्वपूर्ण बताया। साथ ही उन्होंने कहा कि पितृपक्ष के दौरान भी पूर्वजों के प्रति श्रद्धा और सम्मान की भावना और अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है।
