चमोली में हादसा: 24 घंटों से रेस्क्यू जारी
उत्तराखंड के चमोली जिले में विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की निर्माणाधीन सुरंग में हुए हादसे के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। सियासैंण हाट में अलकनंदा नदी पर बन रही परियोजना की सुरंग में भूस्खलन के बाद पानी और मलबा भर गया था, जिसके चलते तीन श्रमिक अब भी लापता हैं। हादसे को करीब 24 घंटे बीत चुके हैं, लेकिन रेस्क्यू टीमों को अभी तक सफलता नहीं मिली है।
लापता श्रमिकों की तलाश के लिए सुरंग में भरे पानी को पंपों के जरिए बाहर निकाला जा रहा है। वहीं, मशीनों की मदद से मलबा हटाकर अंदर पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। रेस्क्यू टीम लगातार ऑपरेशन में जुटी हुई है और हर संभव तरीके से लापता श्रमिकों की तलाश की जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे को बेहद दुखद बताते हुए घटना में जान गंवाने वाले कर्मचारी के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच के लिए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच के जरिए घटना के कारणों का पता लगाया जाएगा और यह भी देखा जाएगा कि भविष्य में निर्माण कार्यों के दौरान ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए किन सावधानियों की जरूरत है। मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि निर्माण कार्यों में लगे कार्मिकों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
