*अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर कांग्रेस ने उठाए सवाल, निष्पक्ष जांच की मांग*
उत्तराखंड कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने अंकिता भंडारी हत्याकांड और प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक स्थिति को लेकर बीजेपी सरकार पर निशाना साधा। प्रेस वार्ता के दौरान कुमारी शैलजा ने अंकिता भंडारी हत्याकांड में निष्पक्ष जांच की मांग उठाते हुए कहा कि मामले से जुड़े लोगों को किसी भी तरह का राजनीतिक संरक्षण नहीं मिलना चाहिए।
उन्होंने राज्यपाल पद पर नियुक्ति को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि ऐसे मामलों में पारदर्शिता और जवाबदेही बेहद जरूरी है। कांग्रेस प्रदेश प्रभारी ने आरोप लगाया कि इस तरह के घटनाक्रम से जनता का न्याय व्यवस्था और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर भरोसा कमजोर हो सकता है।
वहीं, आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भी कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।
कुमारी शैलजा ने प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं गणेश गोदियाल, हरीश रावत, यशपाल आर्य और प्रीतम सिंह सहित अन्य नेताओं के साथ संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति पर चर्चा की। कांग्रेस का लक्ष्य प्रदेश में संगठन को मजबूत करते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी को मजबूती के साथ मैदान में उतारना है।
